नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन (पीएफसी) का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ करीब छह प्रतिशत बढ़कर 8,211.90 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने शेयर बाजार को अक्टूबर-दिसंबर, 2025 तिमाही के इस नतीजे की सूचना दी। गत वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में उसका मुनाफा 7,759.56 करोड़ रुपये रहा था।
चालू वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में कंपनी की कुल आय करीब नौ प्रतिशत बढ़कर 29,140.57 करोड़ रुपये हो गई, जो गत वित्त वर्ष की समान अवधि में 26,821.84 करोड़ रुपये थी।
अप्रैल से दिसंबर अवधि में शुद्ध लाभ 13 प्रतिशत बढ़कर 25,028 करोड़ रुपये रहा जबकि वित्त वर्ष 2024-25 की समान अवधि में यह 22,157 करोड़ रुपये था।
पीएफसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) परमिंदर चोपड़ा ने कहा, ‘‘कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के नौ महीनों में मजबूत प्रदर्शन किया है। इस दौरान ऋण परिसंपत्तियों में सालाना आधार पर 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ा ऋण खंड 28 प्रतिशत बढ़ा है।’’
इस बीच, कंपनी के निदेशक मंडल ने तिमाही के लिए प्रति शेयर चार रुपये का अंतरिम लाभांश घोषित किया है।
बिजली मंत्रालय के अधीन पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन देश की अग्रणी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों में से एक है।
भाषा निहारिका प्रेम
प्रेम