नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी पावर ग्रिड कॉरपोरेशन का एकीकृत शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में 10 प्रतिशत बढ़कर 4,546.33 करोड़ रुपये रहा।
वित्त वर्ष-2024-25 की समान तिमाही में पावर ग्रिड को 4,142.87 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि इस तिमाही में उसे 5,179.80 करोड़ रुपये का स्थगित कर क्रेडिट मिला, जबकि 2024-25 की इसी तिमाही में यह मात्र 19.98 करोड़ रुपये था। इसके कारण उसका लाभ बढ़ा है।
हालांकि, इस दौरान कुल आय घटकर 11,970.69 करोड़ रुपये रह गई, जो 2024-25 में 12,590.80 करोड़ रुपये थी।
वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ बढ़कर 15,927.95 करोड़ रुपये हो गया, जो 2024-25 में 15,521.44 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने बताया कि उसने 10 रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर 1.25 रुपये (अर्थात 12.5 प्रतिशत) का अंतिम लाभांश प्रस्तावित किया है। इसके अलावा वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अब तक 7.75 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम लाभांश दिया जा चुका है।
भाषा योगेश रमण
रमण