नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी प्रेस्टीज एस्टेट्स ने दिल्ली-एनसीआर में विस्तार की योजना के तहत गुरुग्राम में एक आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए जमीन मालिक के साथ संयुक्त विकास समझौता (जेडीए) किया है। इस परियोजना से करीब 5,600 करोड़ रुपये की राजस्व आय का अनुमान है।
बेंगलुरु स्थित कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसने गुरुग्राम के सेक्टर-109 में 17.14 एकड़ जमीन को अपने आवासीय विकास पोर्टफोलियो का हिस्सा बनाया है।
इस परियोजना में करीब 28 लाख वर्ग फुट बिक्री-योग्य क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इससे लगभग 5,600 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल होने की उम्मीद है।
कंपनी दिल्ली-एनसीआर बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। प्रेस्टीज एस्टेट्स गाजियाबाद में पहले से एक आवासीय परियोजना विकसित कर रही है और जल्द ही नोएडा में भी एक परियोजना शुरू करेगी।
प्रेस्टीज ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक इरफान रजाक ने कहा कि पिछले साल एनसीआर के आवासीय बाजार में कंपनी का प्रवेश उसकी वृद्धि यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव था और बाजार से मिली प्रतिक्रिया ‘बेहद उत्साहजनक’ रही है।
भाषा यासिर प्रेम
प्रेम