प्रधानमंत्री मोदी बृहस्पतिवार को करेंगे ‘सेमीकॉन इंडिया’ का उद्घाटन

Ads

प्रधानमंत्री मोदी बृहस्पतिवार को करेंगे 'सेमीकॉन इंडिया' का उद्घाटन

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 08:34 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 08:34 PM IST

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सेमीकंडक्टर तथा इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र से जुड़े निवेशक, शोधकर्ता और स्टार्टअप की भागीदारी वाले ‘सेमीकॉन इंडिया 2026’ का बृहस्पतिवार को उद्घाटन करेंगे।

‘सिलिकॉन से सिस्टम तक: पारिस्थितिकी का निर्माण’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन एवं प्रदर्शनी के दौरान वैश्विक और भारतीय कंपनियों के साथ नीति-निर्माता, निवेशक, शोधकर्ता, स्टार्टअप, शैक्षणिक संस्थान और विद्यार्थी शामिल होंगे।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, तीन-दिवसीय सम्मेलन में भारत में सहयोग, निवेश, नवाचार और प्रतिभा विकास को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी।

इस दौरान डिस्प्ले उद्योग में प्रगति, सहयोग और संयुक्त उपक्रमों को बढ़ावा देने के लिए छह देशों के गोलमेज सम्मेलन तथा महिलाओं के नेतृत्व से जुड़ा एक मंच भी आयोजित किया जाएगा।

‘सेमीकॉन इंडिया 2026’ में सेमीकंडक्टर की समूची मूल्य शृंखला को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें सेमीकंडक्टर सामग्री, उपकरण और चिप डिजाइन से लेकर विनिर्माण, उन्नत पैकेजिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और सिस्टम तक की प्रक्रिया शामिल होगी।

कार्यक्रम में 600 से अधिक कंपनियों के भाग लेने और करीब 50,000 लोगों के आने की उम्मीद है। इसमें 52 देशों के प्रतिनिधि, 400 से अधिक कार्यकारी अधिकारी और 150 से अधिक वक्ता शामिल होंगे।

प्रदर्शनी में जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, नीदरलैंड, सिंगापुर और स्वीडन यानी छह देशों के मंडप के अलावा 12 राज्यों के बूथ, स्टार्टअप मंडप, नवाचार प्रदर्शनी, छात्र हैकाथॉन और कार्यबल विकास मंडप भी होंगे।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय