वाराणसी और प्रयागराज में मोदी के जन्मदिन पर आयोजित होंगे ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम

Ads

वाराणसी और प्रयागराज में मोदी के जन्मदिन पर आयोजित होंगे 'सेवा संकल्प' कार्यक्रम

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 08:28 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 08:28 PM IST

वाराणसी/प्रयागराज, 16 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर बृहस्पतिवार को पूरे उत्तर प्रदेश में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इनमें मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक मोटरसाइकिल रैली और प्रयागराज में रक्तदान शिविर एवं फिल्म स्क्रीनिंग शामिल हैं।

वाराणसी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वडनगर के लिए ‘सेवा संकल्प’ मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाएंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने बताया कि यह रैली निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर मोदी के 25 साल पूरे होने का भी प्रतीक होगी।

रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होने वाले इस कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी के कई अन्य नेता शामिल होंगे।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि लगभग 500 ‘सेवा यात्री’ 10 अलग-अलग रास्तों से मोटरसाइकिल पर वडनगर जाएंगे। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में यह यात्रा 50 जिलों से होकर गुजरेगी, जिसमें 88 बार रात्रि विश्राम और 187 जगहों पर रुकने की योजना है।

सूत्रों ने बताया कि अलग-अलग राज्यों से युवा बाइकर्स के भी इस रैली में शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि रैली से पहले प्रतिभागी काशी विश्वनाथ धाम में गंगा जल से भगवान शिव का ‘जलाभिषेक’ करेंगे।

सूत्रों ने बताया कि वडनगर के रास्ते में प्रतिभागी ‘लखपति दीदियों’, ‘ड्रोन दीदियों’, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और युवाओं से बातचीत करेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रयागराज में उत्तर प्रदेश के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता सिविल लाइंस में रक्तदान शिविर और अन्य गतिविधियों के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत करेंगे।

इस अभियान के तहत नीम करौली बाबा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी भक्ति पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ 17 से 20 सितंबर तक सिविल लाइंस के पीवीआर सिनेमाज में भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को मुफ्त में दिखायी जाएगी।

आयोजकों ने बताया कि बृहस्पतिवार को वहां केक काटने के साथ जन्मदिन का जश्न भी मनाया जाएगा।

भाषा सं. सलीम राजकुमार

राजकुमार