महाराष्ट्र: राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, सात घायल

Ads

महाराष्ट्र: राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, सात घायल

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 08:21 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 08:21 PM IST

ठाणे, 16 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बुधवार को एक एमयूवी के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने के बाद एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई और सात घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मुंबई के जोगेश्वरी का यह परिवार नासिक जिले के त्र्यंबकेश्वर में भगवान शिव के प्रसिद्ध मंदिर में दर्शन करने के बाद लौट रहा था। मुंबई-नासिक राजमार्ग पर अटगांव के पास यह हादसा अपराह्न में हुआ।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले थे और वर्तमान में मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में रहते थे।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘परिवार एमयूवी से मुंबई लौट रहा था, तभी चालक को कथित तौर पर वाहन में तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा। इससे वाहन सड़क किनारे पिछले दो वर्षों से खड़े एक जले हुए ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया।’’

टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोगों- श्रीराम जायसवाल, आयुष जायसवाल, लाडो जायसवाल और सूरज जायसवाल- की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों और राजमार्ग पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

अधिकारी ने बताया कि सात यात्री- सुभी जायसवाल, शिवम जायसवाल, हाशिक जायसवाल, सुनीता जायसवाल, राधिका जायसवाल, सतीश जायसवाल और संतराम जायसवाल- गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए शाहपुर उपजिला अस्पताल ले जाया गया।

हादसे के कारण मुंबई जाने वाले मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन और मलबा हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

शाहपुर पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, अचानक ब्रेक फेल होने और उसके बाद स्टीयरिंग लॉक हो जाने के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।

अधिकारी ने बताया कि हादसे के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है और शाहपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है।

भाषा राखी सुरेश

सुरेश