वाशिंगटन, 18 मार्च (एपी) अमेरिका में उत्पादक मूल्य सूचकांक (पीपीआई) फरवरी महीने में अपेक्षा से अधिक रहा, जिससे आगे मुद्रास्फीति बढ़ने की चिंता पैदा हो गई है।
अमेरिकी श्रम विभाग ने बुधवार को कहा कि थोक स्तर से पहले की महंगाई का संकेत देने वाला उत्पादक मूल्य सूचकांक (पीपीआई) फरवरी में जनवरी के मुकाबले 0.7 प्रतिशत और सालाना आधार पर 3.4 प्रतिशत बढ़ गया। यह सालाना वृद्धि फरवरी, 2025 के बाद सबसे अधिक है।
ये आंकड़े अर्थशास्त्रियों के अनुमान से अधिक हैं। यह वृद्धि उस समय दर्ज की गई है जब ईरान के साथ संघर्ष के चलते ऊर्जा कीमतों में तेजी दिखना अभी बाकी है।
पीपीआई वह सूचकांक है, जो उत्पादकों को मिलने वाली कीमतों के आधार पर महंगाई को मापता है। यह उपभोक्ता तक पहुंचने से पहले की महंगाई का संकेत देता है और आगे कीमतें बढ़ने का इशारा करता है।
यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब फेडरल रिजर्व के नीति-निर्माता अपनी प्रमुख ब्याज दर पर निर्णय के लिए बैठक करने जा रहे हैं। अमेरिकी केंद्रीय बैंक ने 2025 में तीन बार दरों में कटौती की थी, लेकिन उसके बाद से उन्हें स्थिर रखा हुआ है।
हालांकि, ईरान के साथ युद्ध जारी होने के कारण ऊर्जा कीमतों में तेजी ने महंगाई के परिदृश्य को जटिल बना दिया है।
एक सप्ताह पहले जारी आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका में उपभोक्ता स्तर पर महंगाई भी केंद्रीय बैंक के दो प्रतिशत लक्ष्य से ऊपर 2.4 प्रतिशत रही।
एपी प्रेम प्रेम अजय
प्रेम