पंजाब नेशनल बैंक ने विक्रेताओं की वित्तीय पहुंच बढ़ाने के लिए जीईएम के साथ समझौता किया
पंजाब नेशनल बैंक ने विक्रेताओं की वित्तीय पहुंच बढ़ाने के लिए जीईएम के साथ समझौता किया
नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने विक्रेताओं के लिए वित्तीय पहुंच को मजबूत करने के उद्देश्य से गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस’ (जीईएम) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
पंजाब नेशनल बैंक ने बयान में कहा कि ‘जीईएम सहाय’ पोर्टल पर ऋण प्रदाता के रूप में बैंक के जुड़ने से विक्रेताओं को कई लाभ मिलेंगे। इससे उन्हें जीईएम के खरीद ऑर्डर के आधार पर बिना किसी गारंटी के अल्पकालिक ऋण आसानी और शीघ्रता से मिल सकेगा, जिससे नकदी उपलब्धता बेहतर होगी और धन प्रवाह से जुड़ी समस्याएं कम होंगी।
बयान में कहा गया कि इस साझेदारी से विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु और मझोले उद्यमों (एमएसएमई) तथा छोटे व्यवसायों को लाभ होगा, जिन्हें समय पर और किफायती औपचारिक ऋण प्राप्त करने में अक्सर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही, डिजिटल और कागजरहित ऋण प्रक्रिया के माध्यम से पारदर्शिता और कार्यकुशलता भी सुनिश्चित होगी।
इसमें कहा गया कि खरीद प्रक्रिया को वित्तीय सुविधा से जोड़ने से कारोबार सुगमता बढ़ेगी, विक्रेताओं की भागीदारी का विस्तार होगा और एक सहज, समावेशी तथा प्रौद्योगिकी आधारित खरीद तंत्र को बढ़ावा मिलेगा, जो देश के डिजिटल भारत के लक्ष्य को भी सशक्त करेगा।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


