‘रूफटॉप’ सौर ऊर्जा प्रणाली लगाने के मामले में राजस्थान देश में तीसरे स्थान पर

Ads

'रूफटॉप' सौर ऊर्जा प्रणाली लगाने के मामले में राजस्थान देश में तीसरे स्थान पर

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 05:39 PM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 05:39 PM IST

जयपुर, 21 अप्रैल (भाषा) राजस्थान ‘रूफटॉप’ यानी छतों पर सौर ऊर्जा प्रणाली लगाये जाने के मामले में देश में तीसरे स्थान पर है। राज्य के राज्य के ऊर्जा विभाग के अनुसार हर दिन लगभग 700 नए उपभोक्ता सौर ऊर्जा के इस तरीके को अपना रहे हैं।

इसके अनुसार राज्य में अब तक घरेलू, वाणिज्यिक तथा औद्योगिक श्रेणी में कुल 2,45,317 ‘रूफटॉप’ सौर ऊर्जा प्रणाली लगाए जा चुके हैं। इससे 1,43,965 उपभोक्ताओं का बिजली उपभोग बिल शून्य हो गया है।

एक बयान के अनुसार कुल ‘रूफ टॉप’ सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करने के मामले में राजस्थान देश में तीसरे स्थान पर है। जिसकी कुल क्षमता 2090 मेगावाट है। गुजरात 6,882 मेगावाट क्षमता के साथ पहले और महाराष्ट्र 5,442 मेगावाट क्षमता के साथ दूसरे स्थान पर है।

राज्य में लगभग 32 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने 10 किलोवाट या इससे अधिक क्षमता के ‘रूफ टॉप’ सौर प्रणाली स्थापित किए हैं।

बयान के अनुसार पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत राज्य में अब तक 686 मेगावाट क्षमता के एक लाख 77,468 रूफटॉप सौर प्रणाली स्थापित हो चुके हैं। प्रतिदिन औसतन 675 से 700 नए उपभोक्ता सौर ऊर्जा से जुड़ रहे हैं। पिछले मार्च माह में कुल 20,343 रूफ टॉप सौर ऊर्जा प्रणाली लगाए गए। यह किसी एक माह में स्थापित रूफ टॉप सोलर संयंत्रों की दूसरी सर्वाधिक संख्या है। मार्च माह की 23 तारीख को एक ही दिन में 910 सौर ऊर्जा प्रणाली लगे। यह किसी भी एक दिन में लगे सौर प्रणाली की सर्वाधिक संख्या है।

बयान में कहा गया है कि पीएम सूर्यघर योजना में प्रत्येक छह माह में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने वाले उपभोक्ताओं की संख्या दो से ढ़ाई गुना तक बढ़ रही है। फरवरी 2024 में इस योजना की शुरूआत हुई। इसके प्रथम शुरूआती छह महीनों में मात्र 7,694 उपभोक्ताओं ने ही रूफ टॉप सोलर लगाए थे।

इसके बाद प्रत्येक छह माह के अन्तराल में क्रमशः 19,45, 39,311 तथा 68,450 उपभोक्ताओं ने ‘रूफ टॉप’ सौर प्रणाली लगाए हैं। इस वर्ष के शुरूआती तीन माह में कुल 58,153 उपभोक्ता सौर प्रणाली लगा चुके हैं। इसे देखते हुए उम्मीद है कि इस साल के पहले छह माह में रूफ टॉप प्रणाली लगाने वाले उपभोक्ताओं की संख्या एक लाख से अधिक पहुंच जाएगी।

इसके अनुसार पीएम सूर्यघर योजना में ‘रूफ टॉप’ संयंत्र लगाने के करीब एक से डेढ़ माह के भीतर ही 78 हजार रूपए तक की सब्सिडी राशि उपभोक्ता के खाते में हस्तांतरित हो जाती है। अब तक एक लाख 52350 उपभोक्ताओं के बैंक खातों में केंद्र सरकार से 1,185 करोड़ रूपए की सब्सिडी राशि हस्तांतरित हो चुकी है। इस प्रकार करीब पीएम सूर्यघर के 85 प्रतिशत लाभार्थियों को सब्सिडी मिल चुकी है।

भाषा पृथ्वी अमित रमण

रमण

ताजा खबर