नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर मंगलवार को पलटवार करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से ‘‘हम अपनी नीतियों और कदमों के माध्यम से समाज के हर वर्ग और हर क्षेत्र की सेवा कर रहे हैं।’’
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘क्या 58 करोड़ जनधन खाते अदाणी/अंबानी के लिए हैं? 57 करोड़ मुद्रा ऋण खाते …किसके लिए हैं?’’
सीतारमण ने कहा, ‘‘किसान, गरीब, महिलाएं, युवा और एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम) हमारे शासन ढांचे के मूल केंद्र में हैं।’’
इससे पहले दिन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रायबरेली में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तक मौजूदा सरकार नहीं बदलती, महंगाई बढ़ती रहेगी।
उन्होंने यह भी कहा, ‘‘एक भयंकर आर्थिक तूफान सर पर है।
12 साल में मोदी जी ने जो ढांचा खड़ा किया… वह सिर्फ अदाणी और अंबानी के लिए था।’’
गांधी ने कहा, ‘‘चोट उन्हें नहीं लगेगी – उनके पास निकलने के रास्ते हैं…चोट आपको लगेगी – युवाओं को, गरीबों को, मध्यमवर्ग को, किसानों को, मजदूरों को, छोटे व्यापारियों को – जो कभी इस ढांचे का हिस्सा थे ही नहीं।’’
सीतारमण ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा, ‘‘हम वर्ष 2014 से अपनी नीतियों और कदमों के माध्यम से समाज के हर वर्ग और हर क्षेत्र की सेवा कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘किसान, गरीब, महिलाएं, युवा और एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम) हमारे शासन की रूपरेखा के मूल केंद्र में हैं।’’
सीतारमण ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मैं पूछना चाहती हूं कि
क्या 58 करोड़ जनधन खाते अदाणी/अंबानी के लिए हैं? 57 करोड़ मुद्रा ऋण खाते … किसके लिए हैं? पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम इंटर्नशिप योजना किसके के लिए हैं? नौ करोड़ से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत राशि का वितरण… किसके लिए हैं?’’
उन्होंने कहा, ‘‘ पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना… किसके लिए है? एक करोड़ स्वनिधि खाते… किसके लिए हैं? ई-श्रम कार्ड, जी राम जी अधिनियम (जो बिना किसी रिसाव के 125 दिनों का रोजगार प्रदान करता है), आयुष्मान भारत …. किसके लिए हैं? लखपति दीदी / ड्रोन दीदी… किसके लिए हैं?
उन्होंने कहा, ‘‘हम अपनी नीतियों और कदमों के माध्यम से समाज के हर वर्ग और हर क्षेत्र की सेवा कर रहे हैं। गरीब, किसान, युवा, महिला – सब इस ढांचे का अहम हिस्सा हैं…। हमारा ध्यान आम लोगों के कल्याण पर पूरी तरह केंद्रित हैं।’’
वित्त मंत्री ने कहा, ‘‘अगर कांग्रेस और उसके नेता राष्ट्र-निर्माण में सकारात्मक योगदान नहीं दे सकते, तो उन्हें बाधा डालना बंद कर देना चाहिए। एक जिम्मेदार विपक्ष डर का माहौल पैदा करने का काम नहीं करता।’’
भाषा
रमण अजय
अजय