नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य में दो व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों की मंगलवार को कड़ी निंदा की। इन हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए।
विदेश मंत्रालय ने आज सुबह ईरान दूतावास के वरिष्ठ अधिकारी को तलब किया और इन हमलों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया।
भारत ने कहा कि वह जलडमरूमध्य से गुजरने के दौरान ‘एमटी अल बहियाह’ और ‘एमटी मोम्बासा’ नाम के दो पोत पर हुए हमलों को लेकर ‘‘बेहद चिंतित’’ है।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘दोनों जहाजों के कुल 46 चालक दल के सदस्यों में से 30 भारतीय नाविक थे। ‘एमटी अल बहियाह’ पर सवार 12 भारतीयों में से एक की मृत्यु हो गई है और एक अन्य घायल हो गया है।’’
मंत्रालय के अनुसार, ‘‘एमटी मोम्बासा पर सवार 18 भारतीयों में से नौ घायल हुए हैं जिनमें से दो के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है।’’
मंत्रालय ने कहा कि भारत इन हमलों और ‘‘नाविकों को निशाना बनाने वाली हिंसा की घटनाओं तथा होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से मुक्त एवं सुरक्षित आवाजाही में बाधा डालने वाले कृत्यों’’ की कड़ी निंदा करता है।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम पश्चिम एशियाई क्षेत्र में हमलों के फिर से शुरू होने और तनाव बढ़ने पर अपनी गहरी चिंता भी दोहराते हैं और शांति के हित में हिंसा को तुरंत रोकने और बातचीत एवं कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील करते हैं।’’
भाषा सुरभि नरेश
नरेश