ईटानगर, 14 जुलाई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ में कुमे नदी पर बना 84 मीटर लंबा पुल बह गया, जिससे क्रा दादी जिले के आठ गांव सोमवार से ही राज्य के बाकी हिस्सों से कट गए हैं।
राज्य में बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 29 अन्य घायल हुए हैं।
इसके अलावा, 26 जिलों के 425 गांवों में लगभग 97,182 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इस आपदा के कारण कृषि और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान हुआ है।
पिपसोरंग के उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) युमलाम पुलु और ताली पूर्व जिला परिषद सदस्य (जेडपीएम) रुघु तामा ने आपदा प्रभावित स्थलों का दौरा किया।
पुलु ने कहा कि पुल के अलावा नदी के किनारों पर बने 20 से अधिक घर नष्ट हो गए हैं। उन्होंने जनता से जिला प्रशासन के सुरक्षा परामर्शों का कड़ाई से पालन करने और नदी के पास जाने से बचने का आग्रह किया।
वहीं, जिला परिषद सदस्य रुघु तामा ने राज्य सरकार से प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत और पुनर्वास सहायता भेजने का आग्रह किया।
उन्होंने मांग की कि बहे हुए पुल का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण किया जाए ताकि बाढ़ से कटे आठ गांवों तक तेजी से सहायता पहुंचाई जा सके।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश