नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) शेयर बाजार में लगातार नये मुकाम बना रही रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण बृहस्पतिवार को 200 अरब डॉलर को पार कर गया। यह कीर्तिमान हासिल करने वाली वह पहली भारतीय कंपनी बन गई है। कंपनी का शेयर बृहस्पतिवार को सात प्रतिशत से अधिक चढ़कर बंद हुआ।
बीएसई में दिन में कारोबार के दौरान कंपनी का बाजार पूंजीकरण 15,84,908 करोड़ रुपये यानी 215.75 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
बीएसई पर कंपनी का शेयर 7.10 प्रतिशत चढ़कर 2,314.65 रुपये पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 8.45 प्रतिशत बढ़कर 2,343.90 रुपये प्रति शेयर के रिकॉर्ड उच्च स्तर तक पहुंच गया था।
हालांकि, कारोबार समाप्ति पर बीएसई पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण 14,67,350.26 करोड़ रुपये यानी 199.74 अरब डॉलर रहा।
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर कंपनी का शेयर 7.29 प्रतिशत चढ़कर 2,319 पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 8.49 प्रतिशत बढ़कर 2,344.95 रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर तक पहुंच गया था।
भाषा शरद महाबीर
महाबीर