रेनो इंडिया ने श्रीलंका को फिर शुरू किया वाहनों का निर्यात
रेनो इंडिया ने श्रीलंका को फिर शुरू किया वाहनों का निर्यात
मुंबई, 18 सितंबर (भाषा) मोटर वाहन विनिर्माता कंपनी रेनो इंडिया ने श्रीलंका को वाहनों का निर्यात फिर से शुरू कर दिया है। चेन्नई से कंपनी के ट्राइबर, क्विड और काइगर मॉडल सहित 100 वाहनों की पहली खेप रवाना की गई है।
कंपनी ने शुक्रवार को बयान में कहा कि वह श्रीलंका के बाजार में दोबारा प्रवेश कर रही है। कंपनी ने इसके लिए श्रीलंका की प्रमुख वाहन वितरक (डिस्ट्रीब्यूटर) कंपनी एएमडब्ल्यू मोटर्स के साथ साझेदारी की है।
इसके साथ ही रेनो का अंतरराष्ट्रीय निर्यात नेटवर्क 16 देशों तक पहुंच गया है।
श्रीलंका भेजे जा रहे वाहनों का विनिर्माण चेन्नई के ओरागडम स्थित रेनो इंडिया के संयंत्र में किया गया है।
रेनो इंडिया ने कहा कि यह संयंत्र घरेलू जरूरतों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों की मांग को भी पूरा करता है। साथ ही रेनो समूह के व्यापक कारोबार में भारत की विनिर्माण इकाइयों की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है।
कंपनी ने कहा कि यह साझेदारी श्रीलंका में रेनो की व्यावसायिक मौजूदगी को फिर मजबूत करने में मदद करेगी और बाजार में कंपनी के विकास के अगले चरण के लिए आधार तैयार करेगी।
रेनो इंडिया के उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) फ्रांसिस्को हिडाल्गो ने कहा, ‘‘श्रीलंका को निर्यात फिर शुरू करना हमारी अंतरराष्ट्रीय विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भारत में डिजाइन और विनिर्मित वाहनों की पहुंच बढ़ाने तथा रेनो के लिए भारत को निर्यात केंद्र के रूप में मजबूत करने की काफी संभावनाएं हैं।’’
रेनो इंडिया ने कहा कि वह समय के साथ श्रीलंका में अपने उत्पादों की पेशकश का विस्तार करने की भी योजना बना रही है। इसमें नए डस्टर मॉडल को भी शामिल किया जाना है।
भाषा यासिर निहारिका
निहारिका

Facebook


