रेनो की भारत को शीर्ष तीन वैश्विक बाजारों में शामिल करने की योजनाः समूह सीईओ

रेनो की भारत को शीर्ष तीन वैश्विक बाजारों में शामिल करने की योजनाः समूह सीईओ

रेनो की भारत को शीर्ष तीन वैश्विक बाजारों में शामिल करने की योजनाः समूह सीईओ
Modified Date: April 16, 2026 / 04:32 pm IST
Published Date: April 16, 2026 4:32 pm IST

चेन्नई, 16 अप्रैल (भाषा) फ्रांसीसी वाहन विनिर्माता रेनो की भारत को अपने शीर्ष तीन वैश्विक बाजारों में शामिल करने की योजना है और इसके लिए वह 2030 तक देश में कई ऊर्जा विकल्पों वाले सात मॉडल पेश करेगी। कंपनी के वैश्विक समूह मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) फ्रांस्वा प्रोवोस्ट ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

प्रोवोस्ट ने यहां संवाददाताओं से कहा कि रेनो भारत में अपने सबसे बड़े उत्पाद नवीनीकरण चरण में प्रवेश कर रही है। उन्होंने कहा, “हम नए वाहन पेश करेंगे और वर्ष 2030 तक अपने पोर्टफोलियो को सात मॉडल तक लेकर जाएंगे।”

हाल ही में अपने लोकप्रिय मॉडल डस्टर को दोबारा भारतीय बाजार में पेश करने वाली कंपनी ने निर्यात (कलपुर्जों समेत) से 2030 तक सालाना दो अरब यूरो राजस्व का लक्ष्य भी तय किया है।

उन्होंने कहा कि जिन बाजारों में रेनो समूह का परिचालन है, वहां कुल उद्योग वृद्धि (टीआईवी) में भारत की हिस्सेदारी 34 प्रतिशत से अधिक है, जिससे यह सबसे तेजी से बढ़ते वाहन बाजारों में शामिल है।

प्रोवोस्ट ने कहा कि भारत कंपनी की ‘फ्यूचरेडी’ रणनीति में अहम भूमिका निभाएगा, जो वृद्धि-उन्मुख, प्रौद्योगिकी-उन्मुख, उत्कृष्टता-उन्मुख और विश्वास-उन्मुख रूपी चार स्तंभों पर आधारित है।

उन्होंने कहा कि कंपनी ‘फ्यूचरेडी’ योजना के तहत वैश्विक स्तर पर करीब पांच करोड़ वाहनों के बाजार में प्रतिस्पर्धा कर रही है, जो वैश्विक बाजार के 55 प्रतिशत से अधिक है।

उन्होंने कहा कि कंपनी भारत को अपनी वैश्विक आपूर्ति शृंखला में और गहराई से जोड़ना चाहती है, खासकर वाहन और कलपुर्जों के निर्यात के जरिये।

इस दौरान कंपनी ने ‘ब्रिजर’ कॉन्सेप्ट मॉडल भी पेश किया जो बी-खंड का कॉम्पैक्ट एसयूवी मॉडल है और इसमें इलेक्ट्रिक समेत कई ऊर्जा विकल्प उपलब्ध होंगे।

इस अवसर पर रेनो ग्रुप इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) स्टेफान डेब्लेज ने कहा कि ई-टेक समाधानों के तहत हाइब्रिड, फुल इलेक्ट्रिक और अन्य उन्नत विकल्पों पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 2026 से ई-टेक प्रौद्योगिकी को धीरे-धीरे सभी मॉडल में शामिल किया जाएगा और ‘ब्रिजर’ इस रणनीति का प्रमुख हिस्सा होगा।

हालांकि, रेनो ने ब्रिजर मॉडल को भारतीय बाजार में पेश किए जाने की कोई समयसीमा साझा नहीं की।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में