नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी राइट्स लिमिटेड ने पूर्वोत्तर में राजमार्ग परियोजनाओं की योजना, विकास और निर्माण के लिए विशेष परामर्श और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) के साथ समझौता किया है।
राइट्स ने बयान में कहा कि समझौते के तहत वह राजमार्गों और सुरंगों के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने, बाहरी तकनीकी ऑडिट और तीसरे पक्ष के गुणवत्ता आश्वासन सहित विभिन्न परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराएगी।
कंपनी ने कहा कि वह राजमार्ग, सुरंग और ढलान स्थिरता से जुड़ी परियोजनाओं के लिए इंजीनियरिंग सेवाएं भी देगी।
कंपनी के अनुसार, यह समझौता ज्ञापन (एमओयू) एनएचआईडीसीएल की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए बेहतर परियोजना योजना, इंजीनियरिंग गुणवत्ता, निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को बढ़ाने की रूपरेखा तैयार करता है।
भाषा योगेश अजय
अजय