ठाणे में मेट्रो निर्माण स्थल पर लकड़ी का पटरा गिरने से व्यक्ति घायल, मामला दर्ज

Ads

ठाणे में मेट्रो निर्माण स्थल पर लकड़ी का पटरा गिरने से व्यक्ति घायल, मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 03:43 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 03:43 PM IST

ठाणे, 23 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में निर्माणाधीन मेट्रो पुल से लकड़ी का पटरा गिरने से एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद पुलिस ने निजी ठेकेदार के स्टोरकीपर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घटना 20 सितंबर को काशीमीरा नाका ओवरब्रिज के पास हुई, जहां मेट्रो का काम चल रहा था।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 23 वर्षीय पीड़ित निर्माणाधीन स्तंभ (पिलर) के पास से गुजर रहा था, तभी ऊंचे पुल की संरचना में एक खाली जगह से लकड़ी का पटरा फिसलकर उसके सिर पर गिर गया। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करने और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद अधिकारियों ने पाया कि इस्तेमाल के बाद लकड़ी का पटरा पुल पर लावारिस छोड़ दिया गया था।

उन्होंने बताया कि जांच में निर्माण स्थल पर सुरक्षा में कई खामियां सामने आईं, जिनमें निर्माण सामग्री को सुरक्षित नहीं रखना और काम वाली जगह के नीचे लोगों की आवाजाही रोकने के लिए जरूरी सुरक्षा जाल, बैरिकेड या चेतावनी संकेतों का अभाव शामिल है।

पुलिस ने बताया कि सोमवार को ठेकेदार के स्टोरकीपर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया। यह धारा लापरवाही या जल्दबाजी में ऐसे कृत्य से संबंधित है जिससे मानव जीवन और व्यक्तिगत सुरक्षा खतरे में पड़ती है।

भाषा संतोष

संतोष