रुपया 41 पैसे टूटकर 94.56 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया 41 पैसे टूटकर 94.56 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 04:31 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 04:31 PM IST

मुंबई, 28 अप्रैल (भाषा) अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया मंगलवार को 41 पैसे टूटकर 94.56 (अस्थायी) पर रहा। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी के कारण निवेशकों का भरोसा कम होने से घरेलू मुद्रा दबाव में है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा है कि चालू खाते के घाटे (सीएडी) में संभावित वृद्धि और अस्थिर पूंजी प्रवाह के कारण भी रुपये में तेज गिरावट आई है। इसके अलावा, विदेशी निवेशकों द्वारा निंरतर निकासी से रुपये पर दबाव पड़ा है। इस साल अब तक विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार से 19 अरब डॉलर से अधिक की निकासी की है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.35 पर खुला और कारोबार के दौरान यह 94.58 के निचले स्तर पर पहुंचा। अंत में यह डॉलर के मुकाबले 94.56 (अस्थायी) पर रहा जो पिछले बंद भाव से 41 पैसे की गिरावट है।

रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.15 पर बंद हुआ था।

केयरएज रेटिंग्स की मुख्य अर्थशास्त्री रजनी सिन्हा ने कहा, ‘‘ रुपये पर मुख्य दबाव कमजोर पूंजी प्रवाह से उत्पन्न होता है। शुद्ध प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्रवाह कम रहा है, जबकि विदेशी पूंजी की निकासी वैश्विक अनिश्चितता के कारण बढ़ी है…।’’

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.73 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 416.72 अंक टूटकर 76,886.91 अंक पर जबकि निफ्टी 97 अंक फिसलकर 23,995.70 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.62 प्रतिशत चढ़कर 111.07 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,151.48 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा निहारिका रमण

रमण