अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया आठ पैसे टूटा

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया आठ पैसे टूटा

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया आठ पैसे टूटा
Modified Date: February 13, 2024 / 09:46 pm IST
Published Date: February 13, 2024 9:46 pm IST

मुंबई, 13 फरवरी (भाषा) अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया मंगलवार को आठ पैसे गिरकर 83.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। डॉलर के अन्य प्रमुख विदेशी मुद्राओं के मुकाबले मजबूत होने और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण निवेशकों की भावनाएं कमजोर होने से रुपये में गिरावट आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि हालांकि घरेलू शेयर बाजारों में तेजी और विदेशी निवेशकों की लिवाली से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला और गिरावट पर अंकुश लगा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 83 पर खुला और दिन के कारोबार के दौरान इसने 82.98 के ऊपरी और 83.08 के निचले स्तर को छुआ।

कारोबार के अंत में रुपया पिछले बंद भाव के मुकाबले आठ पैसे की गिरावट के साथ 83.08 पर बंद हुआ।

रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात पैसे मजबूत होकर 83 पर बंद हुआ था।

बीएनपी पारिबा बाय शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि सकारात्मक एशियाई बाजारों और विदेशी निवेशकों की ताजा लिवाली के चलते रुपये में तेजी की उम्मीद थी। हालांकि, अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के मजबूत होने से रुपया गिरकर बंद हुआ।

इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 104.21 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82.70 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 126.60 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की थी।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण


लेखक के बारे में