रुपया शुरुआती कारोबार में 10 पैसे टूटकर 94.66 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया शुरुआती कारोबार में 10 पैसे टूटकर 94.66 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 09:51 AM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 09:51 AM IST

मुंबई, आठ सितंबर (भाषा) रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 10 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.66 पर आ गया। ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत करीब 97 डॉलर प्रति बैरल पहुंचने और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से निवेशकों का भरोसा प्रभावित हुआ है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की लगातार डॉलर बिकवाली और विशेष योजनाओं के तहत विदेशी मुद्रा का मजबूत प्रवाह बाहरी दबावों के बावजूद रुपये को एक सीमित दायरे में बनाए रखने में मदद कर रहा है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.49 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.66 पर आ गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 10 पैसे की गिरावट है।

रुपया सोमवार को 13 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.56 पर बंद हुआ था।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.37 प्रतिशत फिसलकर 98.80 पर आ गया।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 382.25 अंक फिसलकर 75,750.56 अंक पर और निफ्टी 97.80 अंक टूटकर 23,681.80 अंक पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.63 प्रतिशत बढ़कर 97.61 डॉलर प्रति बैरल हो गया। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिये तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच यह तेजी आई।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 280.13 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा निहारिका

निहारिका