रायबाकिना ने ओसाका को हराया, क्वार्टरफाइनल में झेंग से भिड़ेगी

Ads

रायबाकिना ने ओसाका को हराया, क्वार्टरफाइनल में झेंग से भिड़ेगी

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 10:37 AM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 10:37 AM IST

न्यूयॉर्क, आठ सितंबर (एपी) एलेना रायबाकिना ने नाओमी ओसाका को सीधे सेटों में हराकर यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया और अब वह विश्व की नंबर एक महिला खिलाड़ी बनने से केवल एक जीत दूर हैं।

उन्हें अब रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने के लिए झेंग किनवेन को हराना है, जो आसान नहीं होगा। रायबाकिना ने चौथे दौर में ओसाका के खिलाफ 6-1, 6-4 से जीत हासिल की।

दूसरी वरीयता प्राप्त रायबाकिना सेमीफाइनल में जगह बनाने पर एरीना सबालेंका को पछाड़कर डब्ल्यूटीए रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंच जाएंगी।

रायबाकिना ने कहा, ‘‘निश्चित रूप से मैं ऐसा चाहती हूं। मुझे लगता है कि शायद ही कोई ऐसा होगा जो विश्व में नंबर एक नहीं बनना चाहे। निश्चित रूप से यह मेरे लक्ष्यों में से एक है। मैं उसी तरह से खेलने की कोशिश करती हूं। अपनी पूरी ताकत लगाती हूं। मैं आखिर तक हार नहीं मानती।’’

उन्हें अब झेंग को रोकना होगा जिन्होंने लगातार दूसरे मैच में 0-5 के पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की। चीन की ओलंपिक 2024 की स्वर्ण पदक विजेता ने आठवीं वरीयता प्राप्त इगा स्वियातेक को 7-5, 6-3 से हराकर फ्लशिंग मीडोज में अंतिम आठ में पहुंचने वाली क्वालीफायर खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया है। इससे पहले एम्मा राडुकानु ने 2021 में यह कारनामा किया था।

रायबाकिना ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर अपना दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब हासिल किया और नंबर दो रैंकिंग उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। अगर सबालेंका, कोको गॉफ या जेसिका पेगुला में से कोई भी खिताब नहीं जीतती है, तो झेंग से हारने पर भी वह नंबर एक पर पहुंच सकती हैं।

इस बीच गॉफ ने नंबर 14 इवा जोविच को 6-1, 6-4 से हराकर 2023 में खिताब जीतने के बाद पहली बार यूएस ओपन क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।

इस चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी का सामना फ्रेंच ओपन चैंपियन और यहां पांचवीं वरीयता प्राप्त मीरा एंड्रीवा से होगा, जिन्होंने 24वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अनास्तासिया पोटापोवा को 5-7, 6-4, 6-3 से हराया।

पुरुष एकल में वैन डे ज़ैंडस्चुल्प ने आर्थर गीया को पांच घंटे, 13 मिनट में 3-6, 6-7 (0), 7-6 (7), 7-6 (3), 6-4 से हराया, जो यूएस ओपन के इतिहास का चौथा सबसे लंबा मैच था।

कारेन खाचानोव ने भी 14वें वरीय लर्नर टिएन 7-5, 4-6, 6-7 (6), 6-1, 6-4 से पांच सेटों में हराया, लेकिन यह मैच तीन घंटे 50 मिनट तक चला।

बेल्जियम के 28वीं वरीयता प्राप्त एलेक्जेंडर ब्लॉकक्स 24वीं वरीयता प्राप्त फ्रांसिस्को सेरुंडोलो को 6-3, 4-6, 7-5, 7-5 से हराकर यूएस ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले अपने देश के पहले खिलाड़ी बन गए। अंतिम आठ में उनका मुकाबला खाचानोव से होगा।

एपी

पंत

पंत