रुपया शुरुआती कारोबार में दो पैसे की गिरावट के साथ 94.97 प्रति डॉलर पर
रुपया शुरुआती कारोबार में दो पैसे की गिरावट के साथ 94.97 प्रति डॉलर पर
मुंबई, दो सितंबर (भाषा) रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में दो पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.97 पर आ गया। अमेरिकी-ईरान तनाव बढ़ने, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल बढ़ने से रुपया सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) रुपये में गिरावट पर नजर रख रहा है। अमेरिका-ईरान तनाव फिर बढ़ने से निवेशकों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति बढ़ी है, जिससे ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 95 डॉलर प्रति बैरल और डॉलर सूचकांक करीब 99.70 के स्तर पर पहुंच गया है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.97 प्रति डॉलर पर खुला, जो पिछले बंद भाव से दो पैसे की गिरावट है।
रुपया मंगलवार को 94.95 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत बढ़कर 99.75 पर आ गया।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 788.52 अंक टूटकर 76,155.76 अंक पर जबकि निफ्टी 269 अंक की गिरावट के साथ 23,786.80 अंक पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा कारोबार में 0.99 प्रतिशत बढ़कर 95.59 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंकाओं के बीच कीमतों में तेजी आई है।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 1,143.38 करोड़ रुपये के शेयर की शुद्ध खरीदारी की।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


