रुपया सात पैसे कमजोर होकर 95.68 प्रति डॉलर पर
रुपया सात पैसे कमजोर होकर 95.68 प्रति डॉलर पर
मुंबई, 18 अगस्त (भाषा) पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव जारी रहने और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के दबाव में रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात पैसे कमजोर होकर 95.68 (अस्थायी) के स्तर पर आ गया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौते में देरी, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और डॉलर में व्यापक मजबूती के कारण डॉलर-रुपये की विनिमय दर में निकट अवधि में हल्का नकारात्मक रुख रहने का अनुमान है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.68 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 95.64 से लेकर 95.69 के दायरे में रहा। कारोबार के अंत में यह 95.68 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से सात पैसे की गिरावट है।
सोमवार को रुपया 19 पैसे टूटकर 95.61 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘‘ब्रेंट क्रूड की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच जाने और होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने का मुद्दा अनसुलझा रहने से तेल की कीमतें रुपये, मुद्रास्फीति और विदेशी पूंजी प्रवाह के लिए महत्वपूर्ण बनी रहेंगी।’’
उन्होंने कहा कि कमजोर वैश्विक संकेतकों और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली ने भी बाजार धारणा को प्रभावित किया। एफआईआई ने सोमवार को तीन सप्ताह में सबसे अधिक 2,535 करोड़ रुपये की बिकवाली की। उन्होंने कहा कि अमेरिका के 10 साल के बॉन्ड पर प्रतिफल भी ऊंचा बना हुआ है।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत घटकर 99.60 पर आ गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा बाजार में 0.01 प्रतिशत बढ़कर 90.88 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
खेमका ने कहा कि ऊंची कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, भू-राजनीतिक अनिश्चितता और विदेशी निवेशकों की बिकवाली निकट अवधि में बाजार धारणा को कमजोर रख सकती हैं। हालांकि, घरेलू अर्थव्यवस्था के मजबूत बुनियादी आधार और लगातार नीतिगत समर्थन से मध्यम अवधि में स्थिति सकारात्मक रह सकती है।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 492.70 अंक गिरकर 77,235.46 अंक पर और निफ्टी 132.75 अंक की गिरावट के साथ 24,154.90 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को शुद्ध रूप से 2,535.10 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


