रुपये में लगातार चौथे दिन तेजी, छह पैसे चढ़कर 95.76 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपये में लगातार चौथे दिन तेजी, छह पैसे चढ़कर 95.76 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 09:16 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 09:16 PM IST

मुंबई, 29 जुलाई (भाषा) रुपया बुधवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में मजबूत होकर छह पैसे की बढ़त के साथ 95.76 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में जोरदार लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से रुपये को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के ब्याज दर के बारे में फैसले से पहले विदेशी पूंजी के ताजा प्रवाह और अमेरिकी मुद्रा में कमजोरी ने भी रुपये को समर्थन दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.70 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.80 से 95.48 के दायरे में घूमता रहा। अंत में यह 95.76 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से छह पैसे की बढ़त है।

रुपया मंगलवार को 17 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.82 पर बंद हुआ था। इससे पहले लगातार दो सत्रों में इसमें कुल 74 पैसे की तेजी आई थी।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती और विदेशी पूंजी के प्रवाह से रुपये को समर्थन मिला। डॉलर में नरमी भी रुपये के पक्ष में रही।

उन्होंने कहा कि एफओएमसी (फेडरल ओपन मार्केट कमेटी) की बैठक के फैसले से पहले अमेरिकी डॉलर कमजोर हुआ है।

चौधरी ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.20 से 95.90 के दायरे में रह सकता है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.22 पर था।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 888.68 अंक यानी 1.16 प्रतिशत चढ़कर 77,654.60 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 264.85 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,250.20 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 3.78 प्रतिशत की बढ़त के बावजूद 87.27 डॉलर प्रति बैरल के अनुकूल स्तर पर बना हुआ है।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 2,981.87 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय