सीमित कारोबार में रुपया 83.73 प्रति डॉलर पर स्थिर

सीमित कारोबार में रुपया 83.73 प्रति डॉलर पर स्थिर

सीमित कारोबार में रुपया 83.73 प्रति डॉलर पर स्थिर
Modified Date: July 29, 2024 / 04:43 pm IST
Published Date: July 29, 2024 4:43 pm IST

मुंबई, 29 जुलाई (भाषा) विदेशी बाजारों में अमेरिकी मुद्रा में मजबूती के बीच सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.73 (अस्थायी) पर स्थिर रुख के साथ बंद हुआ। दिन के कारोबार में रुपया एक सीमित दायरे में रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी से रुपये को समर्थन मिला। दूसरी ओर अमेरिकी डॉलर में सुधार और आयातकों की डॉलर मांग ने घरेलू मुद्रा की बढ़त को सीमित किया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में स्थानीय मुद्रा 83.70 पर खुली और दिन के कारोबार में डॉलर के मुकाबले 83.74 के निचले स्तर को छू गई।

रुपया अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.73 (अनंतिम) पर बंद हुआ। इस तरह रुपये में पिछले बंद भाव के मुकाबले कोई बदलाव नहीं हुआ। रुपया शुक्रवार को अपने सर्वकालिक निचले स्तर से उबरकर 83.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि महीने के अंत में आयातकों और पेट्रोलियम विपणन कंपनियों की डॉलर मांग के कारण रुपया थोड़ा नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। इस सप्ताह फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक से पहले अमेरिकी डॉलर में सुधार से भी रुपये पर दबाव पड़ सकता है।’’

चौधरी ने आगे कहा कि घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख और ताजा विदेशी निवेश से रुपये को निचले स्तर पर सहारा मिल सकता है। इस सप्ताह एफओएमसी, बैंक ऑफ इंग्लैंड (बीओई) और बैंक ऑफ जापान (बीओजे) की बैठक से पहले निवेशक सतर्क रह सकते हैं।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.16 प्रतिशत बढ़कर 104.48 पर था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.10 प्रतिशत बढ़कर 81.21 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।

विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 2,546.38 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय


लेखक के बारे में