बैंक ऑफ इंडिया का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 36 प्रतिशत बढ़कर 3,068 करोड़ रुपये पर
बैंक ऑफ इंडिया का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 36 प्रतिशत बढ़कर 3,068 करोड़ रुपये पर
मुंबई, 24 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में एकल आधार पर शुद्ध लाभ 36.23 प्रतिशत बढ़कर 3,067.90 करोड़ रुपये रहा।
बैंक के लाभ में वृद्धि मुख्य रूप से गैर-ब्याज आय में बढ़ोतरी के कारण हुई।
बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 2,252.12 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
एकीकृत आधार पर बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 80.51 प्रतिशत बढ़कर 3,302.58 करोड़ रुपये हो गया, जबकि 2025-26 की समान तिमाही में यह 1,829 करोड़ रुपये था।
बैंक की मुख्य शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) भी समीक्षाधीन तिमाही में 12.61 प्रतिशत बढ़कर 6,833 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 6,068 करोड़ रुपये थी।
हालांकि, बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) जून तिमाही में घटकर 2.52 प्रतिशत रह गया, 2025-26 की समान तिमाही में 2.58 प्रतिशत था। इस दौरान बैंक के ऋण में 18.64 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
बैंक की निवेशक प्रस्तुति के अनुसार, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में गैर-ब्याज आय 19.07 प्रतिशत बढ़कर 2,579 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 2,166 करोड़ रुपये थी।
बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रजनीश कर्णाटक ने बताया कि बैंक ने अब तक विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) (एफसीएनआर-बी) जमा के माध्यम से 20 करोड़ डॉलर जुटाए हैं और सितंबर तक 120 करोड़ डॉलर जुटाने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में इसकी मांग बढ़ी है और कनाडा, ब्रिटेन, अमेरिका, जापान तथा पश्चिम एशिया समेत कई देशों से मांग आ रही है।
बैंक की सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (जीएनपीए) दर जून 2026 में सुधरकर 1.81 प्रतिशत रह गई, जो जून 2025 में 2.92 प्रतिशत थी। वहीं, शुद्ध एनपीए दर घटकर 0.51 प्रतिशत हो गई, जो एक साल पहले 0.75 प्रतिशत थी।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


