आरबीआई की मौद्रिक नीति से पहले रुपया 39 पैसे मजबूत होकर 94.89 प्रति डॉलर पर

Ads

आरबीआई की मौद्रिक नीति से पहले रुपया 39 पैसे मजबूत होकर 94.89 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 09:55 AM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 09:55 AM IST

मुंबई, पांच अगस्त (भाषा) रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 39 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.89 पर पहुंच गया। अमेरिका-ईरान वार्ता में प्रगति और प्रस्तावित हमलों पर रोक के बाद कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि निवेशकों की नजर अब भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति के फैसले पर है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.90 प्रति डॉलर पर खुला। इसके बाद 94.89 प्रति डॉलर तक पहुंच गया जो पिछले बंद भाव की तुलना में 39 पैसे की बढ़त दर्शाता है।

रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.28 पर बंद हुआ था।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.80 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 375.01 अंक चढ़कर 78,803.96 अंक पर जबकि निफ्टी 62.7 अंक बढ़त के साथ 24,677.60 अंक पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78.48 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 2,446.47 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा निहारिका

निहारिका