अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया छह पैसे मजबूत
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया छह पैसे मजबूत
मुंबई, 14 फरवरी (भाषा) घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक धारणा के बीच रुपया बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले छह पैसे की मजबूती के साथ 83.02 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी बाजार में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों का स्थानीय मुद्रा पर असर पड़ा और तेजी सीमित रही।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.11 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान उसने 83.02 प्रति डॉलर के उच्च स्तर और 83.12 के निचले स्तर के बीच कारोबार किया। अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले छह पैसे की मजबूती के साथ 83.03 के भाव पर बंद हुआ।
शेयरखान बाई बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों में अमेरिकी डॉलर में मजबूती और जोखिम से बचने की स्थिति को देखते हुए हमारा अनुमान है कि रुपया कारोबार के दौरान हल्का नकारात्मक दायरे में रह सकता है। कच्चे तेल के दाम में तेजी भी रुपये पर दबाव डाल सकती है।’’
उन्होंने कहा कि घरेलू बाजारों में तेजी आने पर रुपये को निचले स्तर पर समर्थन मिल सकता है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 104.92 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82.90 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 3,929.60 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।
भाषा
रमण अनुराग
अनुराग

Facebook


