सैनी ने पंजाब और हरियाणा के उद्योगपतियों से सहयोग बढ़ाने का आग्रह किया

Ads

सैनी ने पंजाब और हरियाणा के उद्योगपतियों से सहयोग बढ़ाने का आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 09:16 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 09:16 PM IST

चंडीगढ़, 23 सितंबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को पंजाब और हरियाणा के उद्योगपतियों से कौशल, तकनीक और व्यापार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के संयुक्त प्रयासों से इस क्षेत्र को विनिर्माण, नवाचार और रोजगार का एक मजबूत केंद्र बनाया जा सकता है।

एक सरकारी बयान के अनुसार, वह पंजाब के पटियाला जिले के दौलतपुर में जीएसए इंडस्ट्रीज इंडिया के नए औद्योगिक संयंत्र की आधारशिला रखने के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

दोनों राज्यों के बीच मजबूत संबंधों का जिक्र करते हुए सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा की संस्कृति, कृषि, परिवार और कड़ी मेहनत की परंपराएं आपस में गहराई से जुड़ी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि जब पंजाब में उद्यम बढ़ता है, तो उसके अवसर हरियाणा तक भी फैलते हैं। इसी तरह, जब हरियाणा में उद्योग का विस्तार होता है, तो इससे पंजाब में व्यवसायों और युवाओं के लिए अवसर पैदा होते हैं।

उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों की मिली-जुली ताकत उत्तर भारत की प्रगति को गति दे सकती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के आह्वान का मूल उद्देश्य देश की अपनी क्षमताओं का विकास करना है।

उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को अवसर देने, उद्यमों को नई तकनीक से जोड़ने और भारत में बने उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक ले जाने की जरूरत है। ऐसे ठोस प्रयासों से ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार होगा।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय