नयी दिल्ली, सात जनवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल कोलकाता में पहली अंतर्देशीय जलमार्ग विकास परिषद की बैठक की सोमवार को अध्यक्षता करेंगे। वह ‘नदी क्रूज पर्यटन रोडमैप’ के साथ-साथ ‘हरित नौका’ दिशानिर्देश भी पेश करेंगे। एक आधिकारिक बयान में यह बात कही गई।
बयान में कहा गया, जहाज ‘एमवी गंगा क्वीन’ पर दिन भर चलने वाली बैठक में राज्यों और केंद्र सरकार के प्रमुख लोग एक साथ आएंगे।
इसके अलावा कार्यक्रम में अंतर्देशीय जलमार्ग तथा संबंधित क्षेत्र को आगे बढ़ाने की दिशा में सहयोगात्मक प्रयासों को चिह्नित करते हुए कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की भी उम्मीद है।
बयान के अनुसार, सत्र में फेयरवे विकास, निजी क्षेत्र की भागीदारी तथा सर्वोत्तम प्रक्रियाओं, अंतर्देशीय जल परिवहन (आईडब्ल्यूटी) में मालवाहक परिवहन दक्षता का अनुकूलन, यात्री परिवहन के लिए पर्यावरण-अनुकूल जहाजों के प्रचार तथा विकास को बढ़ावा देना, रिवर क्रूज़ पर्यटन के आर्थिक लाभों का पता लगाना और अन्य बातों के अलावा टिकाऊ प्रक्रियाओं पर जोर देने जैसे विषय पर चर्चा की जाएगी।
भाषा निहारिका
निहारिका