LPG Cylinder Subsidy Reduced/ Image Credit: File Image
नई दिल्ली: LPG Gas Cylinder Subsidy: घरेलू LPG गैस की कीमतों में बदलाव किया गया है और नई दरें रविवार 7 जून से लागू हो गई हैं। तेल कंपनियों ने प्रति सिलेंडर 29 रुपये की बढ़ोतरी की है। जिससे रसोई गैस और महंगी हो गई है। यह बढ़ोतरी करीब तीन महीने बाद की गई है। बता दें कि मार्च में भी 60 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी हुई थी। लगातार बढ़ती कीमतों से आम उपभोक्ताओं के बजट पर असर पड़ रहा है।
नई कीमतों के अनुसार 14.2 किलो वाला घरेलू LPG सिलेंडर अब दिल्ली में 942 रुपये का हो गया है। मुंबई में इसकी कीमत 941.50 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और हैदराबाद में 994 रुपये पहुंच गई है। वहीं बेंगलुरु में यह अब भी 915.50 रुपये पर स्थिर है। अलग-अलग शहरों में ट्रांसपोर्ट और टैक्स के कारण कीमतों में अंतर देखने को मिल रहा है।
इस कीमत बढ़ोतरी के बावजूद सरकार की तरफ से LPG सब्सिडी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सब्सिडी पहले की तरह ही सीमित रूप में दी जा रही है। तेल कंपनियों ने बढ़ी हुई कीमत का पूरा असर बाजार दरों पर डाल दिया है यानी उपभोक्ताओं को अब अधिक भुगतान करना होगा। सब्सिडी का मौजूदा रेट जस का तस रखा गया है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले लाभार्थियों को अब भी 300 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी मिलती रहेगी। यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है। उदाहरण के लिए दिल्ली में सिलेंडर का दाम 942 रुपये है लेकिन सब्सिडी के बाद उज्ज्वला उपभोक्ताओं को यह लगभग 642 रुपये में मिलता है। यह लाभ साल में अधिकतम 12 सिलेंडरों तक सीमित है।
जो उपभोक्ता उज्ज्वला योजना के तहत नहीं आते उन्हें अब पूरी बढ़ी हुई कीमत चुकानी होगी। कई शहरों में सामान्य उपभोक्ताओं को बहुत कम या बिल्कुल भी सब्सिडी नहीं मिलती। कुछ शहरों में केवल 12 से 40 रुपये तक की राहत मिलती है। लेकिन अधिकांश लोगों को करीब 61 रुपये सब्सिडी के तौर उनके बैंक खाते में दिया जाता है। इसके अलावा जिनकी सालाना आय 10 लाख रुपये से अधिक है या जिन्होंने e-KYC पूरी नहीं की है उनकी सब्सिडी रोक दी जाती है।