नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) एसबीएम बैंक (इंडिया) के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) अमित जगधारी ने कहा कि बैंक अपनी 26 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की संभावनाएं तलाश रहा है।
उन्होंने बताया कि इससे मिलने वाली राशि का इस्तेमाल भारत में कारोबार के विस्तार के लिए किया जाएगा।
जगधारी ने कहा कि बैंक ने इस प्रक्रिया के लिए एक सलाहकार नियुक्त किया है और फिलहाल यह रुचि पत्र (ईओआई) के चरण में है।
उन्होंने कहा, ‘‘बैंक ने इस प्रक्रिया के लिए एक सलाहकार नियुक्त किया है और हम रुचि पत्र के चरण में हैं। जैसा कि आप जानते हैं, इसमें कई नियामकीय प्रक्रियाएं शामिल हैं, इसलिए समयसीमा बताना बहुत मुश्किल है।’’
उन्होंने स्पष्ट किया कि हिस्सेदारी बिक्री से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल एसबीएम बैंक (इंडिया) के लिए विकास पूंजी के रूप में किया जाएगा।
जगधारी ने कहा कि बैंक की मूल कंपनी ने जून में 75 करोड़ रुपये की पूंजी डाली थी, जबकि कारोबार को बढ़ाने के लिए इस महीने के अंत में 75 करोड़ रुपये की और पूंजी आने वाली है।
देश में सीमित संख्या में शाखाओं वाले इस बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 में ऋण वृद्धि 32-35 प्रतिशत रहने का लक्ष्य रखा है।
बैंक ने सोमवार को दिल्ली के पास गुरुग्राम में अपनी 23वीं शाखा खोली।
जगधारी ने कहा कि शाखाओं के विस्तार के साथ-साथ एसबीएम बैंक (इंडिया) अपने डिजिटल संपत्ति प्रबंधन कारोबार को भी मजबूत कर रहा है।
भाषा योगेश अजय
अजय