मुंबई, सात सितंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 13 पैसे टूटकर 94.56 पर बंद हुआ। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक चुनौतियों ने विदेशी करेंसी डिपॉजिट के भारी अंत:प्रवाह से रुपये को मिली मदद के असर को खत्म कर दिया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, विदेशी पूंजी प्रवाह के चलते शुरुआती कारोबार में रुपये में मामूली मजबूती आई, लेकिन घरेलू शेयर बाजार में कमजोर रुख और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने निवेशकों की धारणा पर असर डाला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.40 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 94.38 के ऊपरी स्तर तक गया और 94.50 के निचले स्तर तक आया। अंत में यह 94.56 पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 13 पैसे की गिरावट है।
रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आठ पैसे मजबूत होकर 94.43 पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘विदेशी पूंजी प्रवाह और डॉलर में नरमी के कारण भारतीय रुपया स्थिर से सकारात्मक रुख में रहा। हालांकि, घरेलू बाजारों में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने तेज बढ़त को सीमित किया।’’
चौधरी के अनुसार, विदेशी पूंजी प्रवाह को लेकर आशावाद और डॉलर में कमजोरी के कारण रुपये के सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करने की संभावना है।
उन्होंने कहा, ‘‘ईरान ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ओमान के साथ समझौता अंतिम चरण में है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आ सकती है, जिससे रुपये को और समर्थन मिल सकता है। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बना रहने से ऊंचे स्तर पर रुपये पर दबाव जारी रह सकता है। अब निवेशकों की नजर अमेरिका और भारत के मुद्रास्फीति के आंकड़ों पर रहेगी।’’
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.90 पर आ गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.58 प्रतिशत बढ़कर 96.84 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 382.62 अंक की गिरावट के साथ 76,132.81 अंक पर, जबकि निफ्टी 118.55 अंक के नुकसान के साथ 23,779.15 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने सोमवार को शुद्ध रूप से 280.13 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 28 अगस्त को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 11.47 अरब डॉलर बढ़कर 740.80 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया है। भाषा राजेश राजेश पाण्डेय
पाण्डेय