नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के सचिव एम नागराजू ने बृहस्पतिवार को प्रमुख गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की। वित्त मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
मंत्रालय के बयान में कहा गया, ‘‘एनबीएफसी के साथ इस जुड़ाव का उद्देश्य लक्षित बिंदुओं पर विचारों के खुले आदान-प्रदान को बढ़ावा देना था। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई), राजस्व विभाग (डीओआर) और भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के प्रतिनिधियों के साथ उनके कार्यक्षेत्र से संबंधित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।’’
बयान में कहा गया कि हितधारकों के परामर्श के माध्यम से एनबीएफसी के समक्ष आ रहे मुद्दों का समाधान खोजने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान एनबीएफसी ने अपनी चिंताओं और समाधानों को साझा किया।
मंत्रालय ने कहा कि नागराजू ने इस बात पर जोर दिया कि एनबीएफसी को अधिक मजबूत, जीवंत और आर्थिक रूप से सुदृढ़ होने की आवश्यकता है, ताकि वे उन ग्राहकों की जरूरतों को पूरा कर सकें जिन्हें पर्याप्त बैंकिंग सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं या जो पहली बार ऋण ले रहे हैं।
भाषा सुमित अजय
अजय