नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) वरिष्ठ नौकरशाह सौरभ विजय को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है।
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1998 बैच के अधिकारी विजय अभी अपने कैडर राज्य महाराष्ट्र में कार्यरत हैं।
कार्मिक मंत्रालय ने बुधवार को जारी आदेश में कहा कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने विजय की यूआईडीएआई के सीईओ के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। उनकी नियुक्ति भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव और वेतन के आधार पर होगी।
गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी मनीष भारद्वाज को गृह मंत्रालय के अंतर राज्य परिषद सचिवालय के सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है।
भारद्वाज अभी गृह मंत्रालय में सचिव, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) हैं।
भारद्वाज की जगह नीलकंठ एस आव्हाड को एनडीएमए सचिव बनाया गया है। आव्हाड 1999 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और अपने कैडर राज्य पंजाब में कार्यरत हैं।
उनके कैडर सहयोगी प्रियांक को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है।
कार्मिक मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि उनके पास नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (एलआईसी) के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
भारतीय रक्षा लेखा सेवा की 1996 बैच की अधिकारी रिचा मिश्रा को उपभोक्ता मामलों, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय में उपभोक्ता मामलों के विभाग का अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
भाषा अजय अजय रमण
रमण