आईटी में खरीदारी से बाजार गिरावट से उबरा, सेंसेक्स मामूली बढ़त के साथ बंद
आईटी में खरीदारी से बाजार गिरावट से उबरा, सेंसेक्स मामूली बढ़त के साथ बंद
मुंबई, 18 मई (भाषा) देश के प्रमुख शेयर सूचकांक सोमवार को अत्यधिक उतार-चढ़ाव वाले कारोबार के बाद मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। भारी गिरावट के बाद सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और चुनिंदा प्रमुख कंपनियों के शेयरों में खरीदारी आने से बाजार की स्थिति सुधरी।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और रुपये की कमजोरी ने बाजार की तेजी पर अंकुश लगाया।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 77.05 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,315.04 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,134.78 अंक यानी 1.50 प्रतिशत तक टूटकर 74,180.26 अंक तक आ गया था।
वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 6.45 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की हल्की बढ़त के साथ 23,649.95 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, सन फार्मा, एचसीएल टेक, बजाज फाइनेंस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी ओर टाटा स्टील, पावरग्रिड, भारतीय स्टेट बैंक और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट रही।
वैश्विक भू-राजनीतक तनाव बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.73 प्रतिशत बढ़कर 110.1 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिका और ईरान के बीच गतिरोध बने रहने से बाजार की धारणा प्रभावित हो रही है। हालांकि, आईटी और बैंकिंग शेयरों में निचले स्तर पर खरीदारी आने से बाजार ने सत्र के दौरान हुए नुकसान की भरपाई कर ली।’’
नायर ने कहा कि बॉन्ड प्रतिफल बढ़ने, कच्चे तेल की कीमत में तेजी और कमजोर रुपया महंगाई को लेकर चिंता बढ़ा रहे हैं।
लाइवलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक एवं शोध विश्लेषक हरिप्रसाद के. ने कहा, ‘‘शुरुआती कमजोरी के बाद निवेशकों ने चुनिंदा शेयरों में खरीदारी की, जिससे बाजार में तेजी से सुधार देखा गया। अनिश्चित वैश्विक माहौल में आईटी क्षेत्र एक सुरक्षात्मक विकल्प के रूप में उभर रहा है।’’
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहे, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त में बंद हुआ।
यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में मिले-जुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को एक प्रतिशत से अधिक गिरावट के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,329.17 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।
शुक्रवार को सेंसेक्स 160.73 अंक गिरकर 75,237.99 अंक और निफ्टी 46.10 अंक के नुकसान के साथ 23,643.50 अंक पर बंद हुआ था।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


