सेंसेक्स 338 अंक लुढ़का, निफ्टी 15,000 से नीचे

सेंसेक्स 338 अंक लुढ़का, निफ्टी 15,000 से नीचे

सेंसेक्स 338 अंक लुढ़का, निफ्टी 15,000 से नीचे
Modified Date: November 29, 2022 / 08:55 pm IST
Published Date: May 20, 2021 11:25 am IST

मुंबई, 20 मई (भाषा) कमजोर वैश्विक रुख के बीच बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 338 अंक लुढ़क गया। सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाले एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक की अगुवाई में यह गिरावट आयी।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स कारोबार की समाप्ति पर 337.78 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 49,564.86 पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 124.10 अंक यानी 0.83 प्रतिशत लुढ़क कर 14,906.05 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक नुकसान में ओएनजीसी रही। इसमें करीब 3 प्रतिशत की गिरावट आयी। इसके अलावा सन फार्मा, पावरग्रिड, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल और कोटक बैंक के शेयरों में भी गिरावट रही।

दूसरी तरफ, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, टाइटन, एल एंड टी अैर बजाज फिनसर्व समेत अन्य शेयर लाभ में रहे।

रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीति प्रमुख विनोद मोदी के अनुसार घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन सुधार आया। इसका कारण वित्तीय, दैनिक उपभोग का सामान बनाने वाली कंपनियों और धातु कंपनियों के शेयरों पर बिकवाली दबाव रहा।

उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख का भी घरेलू बाजार पर असर पड़ा। फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) बैठक का ब्योरा आने के बाद निवेशकों के बीच कुछ आशंका बढ़ी है। इससे भी धारणा पर असर पड़ा है।’’

एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई, हांगकांग और सोल में गिरावट रही जबकि जापान में निक्की बढ़त में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरूआती कारोबार में तेजी का रुख रहा।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.15 प्रतिशत मजबूत होकर 66.76 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

भाषा

रमण महाबीर

महाबीर


लेखक के बारे में