कच्चे तेल के दाम में नरमी से बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 287 अंक चढ़ा
कच्चे तेल के दाम में नरमी से बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 287 अंक चढ़ा
मुंबई, 25 अगस्त (भाषा) घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी लौटी। कारोबार समाप्त होने से पहले लिवाली और कच्चे तेल के दाम में तेज गिरावट से मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 287 अंक चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी 115 अंक के लाभ में रहा।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स कारोबार के दौरान अधिकांश समय गिरावट में रहा। लेकिन आखिरी चरण में लिवाली से यह 286.98 अंक यानी 0.37 प्रतिशत बढ़कर 77,656.09 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 77,666.39 अंक तक गया और नीचे में 77,125.91 अंक तक आया। कुल मिलाकर कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 243.2 अंक की गिरावट आई थी।
इसी तरह, 50 शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी भी कारोबार के आखिरी चरण में हुई लिवाली के कारण 115.50 अंक यानी 0.48 प्रतिशत बढ़कर 24,334.55 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, अदाणी पोर्ट्स, इन्फोसिस, ट्रेंट, टाइटन और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
वहीं नुकसान में रहने वाले शेयरों में इटर्नल, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड और बजाज फिनसर्व शामिल हैं।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत तीन प्रतिशत टूटकर 89.32 डॉलर प्रति बैरल पर रही।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘ईरान पर अमेरिका की बहुप्रतीक्षित पाबंदियां बाजार की उम्मीदों के अनुरूप कड़ी नहीं रहीं। इससे कच्चे तेल की कीमतों और बॉन्ड प्रतिफल में हाल के उच्च स्तर से नरमी आई।’’
उन्होंने कहा कि ऊर्जा लागत में इस राहत से वायदा एवं विकल्प खंड में मासिक सौदों की समाप्ति के दिन बाजार को कुछ हद तक सकारात्मक स्तर पर बंद होने में मदद मिली।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग मामूली गिरावट में रहा।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख था। अमेरिका बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,181.66 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स सोमवार को 171.72 अंक यानी 0.22 प्रतिशत टूटकर 77,369.11 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 32.95 अंक की गिरावट के साथ 24,219.05 अंक पर रहा था।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


