कच्चे तेल के दाम में तेजी के बीच शेयर बाजार में मामूली बढ़त, सेंसेक्स 43 अंक चढ़ा
कच्चे तेल के दाम में तेजी के बीच शेयर बाजार में मामूली बढ़त, सेंसेक्स 43 अंक चढ़ा
मुंबई, 10 अगस्त (भाषा) कच्चे तेल के भाव में तेजी और वैश्विक स्तर पर अनश्चितता के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को मामूली तेजी रही और दोनों मानक सूचकांक मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 43 अंक के लाभ में रहा जबकि एनएसई निफ्टी में 13 अंक की तेजी रही।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 43.27 अंक यानी 0.06 प्रतिशत बढ़कर 78,542.44 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 78,676.98 अंक तक गया और नीचे में 78,298.92 अंक तक आया। इस तरह कारोबार के दौरान इसमें 378.06 अंक का उतार-चढ़ाव रहा।
इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 13.15 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,583.80 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाइटन, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स और इन्फोसिस के शेयरों में तेजी रही। वहीं, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), इटर्नल, एनटीपीसी, आईटीसी और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.10 प्रतिशत बढ़कर 84.47 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी अनिश्चितता ने निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता को प्रभावित किया। हालांकि, कंपनियों के उत्साहजनक तिमाही नतीजों से बाजार धारणा को समर्थन मिला।’’
उन्होंने कहा कि अमेरिका में रोजगार के उम्मीद से कमतर आंकड़ों ने फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति की संभावनाओं को कमजोर किया है। अब निवेशकों का ध्यान अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों पर है, जो ब्याज दरों और बॉन्ड प्रतिफल की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 480.24 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजार सोमवार को लगभग स्थिर रहे। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया में घटनाक्रम को लेकर बनी अनिश्चितता ने अमेरिका के कमजोर रोजगार आंकड़ों से मिलने वाली सकारात्मक धारणा को कमजोर कर दिया। कमजोर रोजगार आंकड़ों से अमेरिकी फेडरल रिजर्व की कम सख्त नीति की उम्मीद बढ़ी है।’’
उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका में इस सप्ताह महंगाई से के आंकड़े आने हैं। ऐसे में निवेशकों ने नए आर्थिक संकेतों के इंतजार में सतर्क रुख अपनाया।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। वहीं, शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे।
इससे पहले, शुक्रवार को सेंसेक्स 455.59 अंक यानी 0.58 प्रतिशत टूटकर 78,499.17 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 65.35 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,570.65 अंक पर रहा था।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


