पश्चिम एशिया संकट के बीच सेंसेक्स, निफ्टी में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट
पश्चिम एशिया संकट के बीच सेंसेक्स, निफ्टी में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट
मुंबई, 13 मार्च (भाषा) सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को कारोबार के दौरान एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और तेल की बढ़ती कीमतों से निवेशकों की भावनाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं।
वैश्विक बाजारों में भारी बिकवाली, विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और रुपये की कमजोरी ने भी मंदी के रुझान को और बढ़ा दिया।
बीएसई सेंसेक्स कारोबार के दौरान 963.98 अंक या 1.26 प्रतिशत फिसलकर 75,070.44 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 333.4 अंक या 1.41 प्रतिशत टूटकर 23,305.75 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से लार्सन एंड टुब्रो और टाटा स्टील के शेयर में चार प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक और मारुति के शेयर भी नुकसान में रहे। वहीं हिंदुस्तान यूनिलीवर, ट्रेंट, भारती एयरटेल और एनटीपीसी के शेयर में तेजी रही।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहे।
अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे। नैस्डैक कम्पोजिट 1.78 प्रतिशत, डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.56 प्रतिशत और एसएंडपी 500 1.52 प्रतिशत टूटा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.49 प्रतिशत चढ़कर 101 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिवकाल रहे थे और उन्होंने 7,049.87 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 7,449.77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 1.08 प्रतिशत और निफ्टी 0.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


