शेयर बाजार में तीन दिनों से जारी तेजी थमी, सेंसेक्स 757 अंक फिसला
शेयर बाजार में तीन दिनों से जारी तेजी थमी, सेंसेक्स 757 अंक फिसला
मुंबई, 22 अप्रैल (भाषा) पश्चिम एशिया संकट जारी रहने से कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी और आईटी शेयरों में भारी बिकवाली के बीच घरेलू शेयर बाजार तीन दिनों की तेजी के बाद बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में करीब 757 अंकों की गिरावट रही जबकि निफ्टी 198 अंक टूट गया।
विश्लेषकों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निकासी और पश्चिम एशिया में लंबे समय तक अस्थिरता की आशंका से भी बाजार धारणा प्रभावित हुई।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 756.84 अंक यानी 0.95 प्रतिशत टूटकर 78,516.49 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 831.03 अंक तक लुढ़क गया था।
इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 198.50 अंक यानी 0.81 प्रतिशत गिरकर 24,378.10 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर में 10.85 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई। कंपनी के मार्च तिमाही के नतीजे निवेशकों को प्रभावित नहीं कर सके और बिकवाली तेज हो गई।
इसके अलावा इन्फोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक भी नुकसान में रहे।
दूसरी तरफ, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एनटीपीसी और ट्रेंट में बढ़त दर्ज की गई।
लाइवलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक एवं शोध विश्लेषक हरिप्रसाद के. ने कहा, ‘अमेरिका-ईरान वार्ता ठप होने से पश्चिम एशिया में दीर्घकालिक अस्थिरता की आशंका बढ़ने से निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता प्रभावित हुई। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रहने से मुद्रास्फीति और मुद्रा स्थिरता पर दबाव बढ़ा है।’
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.26 प्रतिशत बढ़कर 99.72 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 1,918.99 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट बढ़त के साथ बंद हुए जबकि हांगकांग का हैंग सेंग नुकसान में रहा।
यूरोप के बाजार मिलेजुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए।
इससे पहले मंगलवार को बीएसई सेंसेक्स 753.03 अंक चढ़कर 79,273.33 अंक और एनएसई निफ्टी 211.75 अंक बढ़कर 24,576.60 अंक पर बंद हुए थे।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण

Facebook


