आईटी शेयरों में बड़ी गिरावट से बाजार की बढ़त सीमित, सेंसेक्स 79 अंक चढ़ा

Ads

आईटी शेयरों में बड़ी गिरावट से बाजार की बढ़त सीमित, सेंसेक्स 79 अंक चढ़ा

  •  
  • Publish Date - February 4, 2026 / 04:33 PM IST,
    Updated On - February 4, 2026 / 04:33 PM IST

मुंबई, चार फरवरी (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में तेज गिरावट आने से घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को मामूली बढ़त दर्ज की गई। सेंसेक्स 79 अंक की बढ़त पर रहा जबकि निफ्टी 48 अंक चढ़कर बंद हुआ।

कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी और कच्चे तेल के दाम में तेजी से भी निवेशक धारणा प्रभावित हुई। हालांकि, चुनिंदा शेयरों में तेजी से सूचकांक हल्की बढ़त के साथ बंद हुए।

पिछले कारोबारी सत्र में जोरदार उछाल के बाद बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 78.56 अंक यानी 0.09 प्रतिशत बढ़कर 83,817.69 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 83,947.53 अंक के उच्चस्तर तक गया और 83,119.95 अंक के निचले स्तर तक आया। इस तरह इसमें 827.58 अंक का उतार-चढ़ाव देखा गया।

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 48.45 अंक यानी 0.19 प्रतिशत चढ़कर 25,776 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में इटर्नल, ट्रेंट, एनटीपीसी, अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड और मारुति सुजुकी प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।

दूसरी तरफ, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए। इन शेयरों में सात प्रतिशत तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

प्रमुख आईटी कंपनियों में तेज गिरावट की वजह से बीएसई आईटी सूचकांक 5.49 प्रतिशत लुढ़ककर 35,109.51 पर बंद हुआ।

ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, ‘‘तेल एवं गैस, टिकाऊ उपभोक्ता सामान, धातु और वाहन शेयरों में मजबूत बढ़त देखी गई, जबकि वैश्विक प्रौद्योगिकी शेयरों में कमजोरी के चलते आईटी शेयरों पर बिकवाली का दबाव रहा।’’

उन्होंने कहा कि एआई स्टार्टअप एंथ्रोपिक की तरफ से समूची कार्यप्रणाली को स्वचालित करने वाला टूल पेश किए जाने से यह चिंता बढ़ी कि कृत्रिम मेधा (एआई) में तीव्र प्रगति पारंपरिक सॉफ्टवेयर कारोबारी मॉडल को प्रभावित कर सकती है।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 5,236.28 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,014.24 करोड़ रुपये का निवेश किया।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए जबकि जापान का निक्की गिरावट में रहा।

यूरोप के बाजार दोपहर के सत्र में मिले-जुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.36 प्रतिशत चढ़कर 67.57 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव से निवेशकों के सतर्क रहने से घरेलू बाजार में उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखा गया।’’

मंगलवार को सेंसेक्स 2,072.67 अंक उछलकर 83,739.13 अंक और निफ्टी 639.15 अंक बढ़कर 25,727.55 अंक पर बंद हुआ था।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय