नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) रोजमर्रा के उपभोग का सामान (एफएमसीजी) बनाने वाली देश की प्रमुख कंपनी इमामी लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 14.5 प्रतिशत बढ़कर 319.48 करोड़ रुपये हो गया। लागत दक्षता, कीमतों में किए गए बदलाव और प्रमुख ब्रांड के बेहतर प्रदर्शन से मुनाफे में यह बढ़ोतरी हुई है।
पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में कंपनी को 278.98 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
इमामी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के वित्तीय नतीजों की जानकारी दी।
आलोच्य तिमाही में इमामी का परिचालन राजस्व 9.75 प्रतिशत बढ़कर 1,151.81 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 1,049.48 करोड़ रुपये था। इस दौरान कंपनी का कुल खर्च भी आठ प्रतिशत बढ़कर 767.61 करोड़ रुपये रहा।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का सकल मार्जिन 0.3 प्रतिशत सुधरकर 70.6 प्रतिशत हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही की तुलना में कंपनी की कर पूर्व आय (एबिटा) भी 13 प्रतिशत बढ़कर 384 करोड़ रुपये रही।
इमामी के वाइस-चेयरमैन और प्रबंध निदेशक हर्षा वी अग्रवाल ने परिणामों पर कहा, ‘तीसरी तिमाही के नतीजे वितरण के सभी माध्यमों में व्यापक प्रदर्शन को दर्शाते हैं। हम भविष्य के विस्तार के लिए अपने प्रमुख ब्रांड को मजबूत करने और विकास के नए अवसरों में निवेश करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।’
कंपनी के निदेशक मंडल ने बुधवार को हुई बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए छह रुपये प्रति शेयर (600 प्रतिशत) के दूसरे अंतरिम लाभांश को भी मंजूरी दी है।
भाषा सुमित अजय
अजय