सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज का शेयर कारोबार के पहले दिन 29 प्रतिशत से अधिक चढ़ा

Ads

सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज का शेयर कारोबार के पहले दिन 29 प्रतिशत से अधिक चढ़ा

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 07:25 PM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 07:25 PM IST

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) गैर-लौह धातु पुनर्चक्रण क्षेत्र की कंपनी सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज का शेयर बुधवार को कारोबार के पहले दिन अपने निर्गम मूल्य 192 रुपये के मुकाबले 29 प्रतिशत से अधिक चढ़कर बंद हुआ।

बीएसई पर शेयर 275.40 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ जो निर्गम मूल्य के मुकाबले 43.43 प्रतिशत की बढ़त है। अंत में 29.11 प्रतिशत की तेजी के साथ 247.90 रुपये पर बंद हुआ।

एनएसई पर यह शेयर 39.58 प्रतिशत चढ़कर 268 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ और कारोबार के अंत में 25.62 की तेजी के साथ 241.20 रुपये पर रहा।

बीएसई पर कंपनी के 38.23 लाख शेयर जबकि एनएसई पर 390.84 लाख शेयर का लेन-देन हुआ।

कंपनी का बाजार मूल्यांकन 5,430.39 करोड़ रुपये रहा।

सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पिछले शुक्रवार को बोली के अंतिम दिन 127 गुना अधिक अभिदान मिला था। कंपनी ने अपने 630 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 182 रुपये से 192 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया था।

फरीदाबाद स्थित सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज एल्युमिनियम मिश्रधातु (इंगोट व लिक्विड), जस्ता मिश्रधातु और स्टेनलेस स्टील, तांबा, पीतल, सीसा और मैग्नीशियम सहित अन्य धातुओं के ‘फर्नेस-रेडी स्क्रैप’ का प्रसंस्करण व विनिर्माण करती है।

भाषा निहारिका रमण

रमण