पर्पल स्टाइल लैब्स का शेयर कारोबार के पहले दिन एक प्रतिशत से अधिक टूटा

Ads

पर्पल स्टाइल लैब्स का शेयर कारोबार के पहले दिन एक प्रतिशत से अधिक टूटा

  •  
  • Publish Date - September 7, 2026 / 04:55 PM IST,
    Updated On - September 7, 2026 / 04:55 PM IST

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) पर्पल स्टाइल लैब्स लिमिटेड का शेयर सोमवार को बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद अपने 575 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुआ।

बीएसई पर शेयर ने 539 रुपये पर कारोबार शुरू किया जो निर्गम मूल्य से 6.26 प्रतिशत कम है। दिन में यह 588.10 रुपये के उच्च और 516 रुपये के निचले स्तर पर पहुंचा। अंत में यह 1.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 568.05 रुपये पर बंद हुआ।

एनएसई पर यह 6.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ 535 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। कारोबार के अंत में यह 1.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 568.55 रुपये पर रहा।

कंपनी का बाजार मूल्यांकन 4,547.87 करोड़ रुपये रहा।

पर्पल स्टाइल लैब्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बुधवार को शेयर बिक्री के अंतिम दिन 1.29 गुना अभिदान मिला था।

लक्जरी एवं प्रीमियम फैशन मंच पर्नियाज पॉप-अप शॉप की मूल कंपनी आईपीओ से जुटाई गई राशि में से 371.13 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी पीएसएल रिटेल में निवेश करने के लिए करेगी जबकि 138.90 करोड़ रुपये बिक्री एवं विपणन खर्चों के लिए रखे जाएंगे। शेष राशि का उपयोग सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।

भाषा निहारिका निहारिका अजय

अजय