एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का शेयर पहले दिन के कारोबार में छह प्रतिशत से अधिक चढ़कर बंद

Ads

एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का शेयर पहले दिन के कारोबार में छह प्रतिशत से अधिक चढ़कर बंद

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 05:16 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 05:16 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का शेयर मंगलवार को बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद अपने निर्गम मूल्य 574 रुपये के मुकाबले छह प्रतिशत से अधिक चढ़कर बंद हुआ।

बीएसई पर कंपनी का शेयर 610 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ जो निर्गम मूल्य से 6.27 प्रतिशत अधिक है। बाद में यह 8.88 प्रतिशत चढ़कर 625 रुपये पर पहुंच गया। अंत में यह 6.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 609.90 रुपये पर बंद हुआ।

एनएसई पर कंपनी के शेयर ने 613.30 रुपये पर शुरुआत की जो निर्गम मूल्य के मुकाबले 6.84 प्रतिशत की बढ़त है। कारोबार के अंत में यह 6.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 609.75 रुपये पर रहा।

इस दौरान बीएसई पर कंपनी के 91.23 लाख शेयरों और एनएसई पर 848.49 लाख शेयरों का कारोबार हुआ।

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की परिसंपत्ति प्रबंधन इकाई का बाजार पूंजीकरण 1,24,226.12 करोड़ रुपये रहा। इससे यह शेयर बाजार में सूचीबद्ध परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनियों में दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई।

प्रतिद्वंद्वी कंपनियों में आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी का बाजार पूंजीकरण 1,55,671.66 करोड़ रुपये जबकि एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी का बाजार पूंजीकरण 1,10,641.83 करोड़ रुपये है।

एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पिछले सप्ताह बृहस्पतिवार को बोली बंद होने तक 41.66 गुना अभिदान मिला था।

इसके 9,812.91 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 545-574 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।

यह सार्वजनिक निर्गम पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित था। मौजूदा शेयरधारक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और अमुंडी ने 17.09 करोड़ तक शेयर की बिक्री पेशकश की।

वर्ष 1987 में स्थापित एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट, 31 मार्च 2026 तक तिमाही औसत प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियों (क्यूएएयूएम) के आधार पर भारत की सबसे बड़ी परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी है। म्यूचुअल फंड के तहत उसकी 12.51 लाख करोड़ रुपये की प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां हैं और उसकी बाजार हिस्सेदारी 15.3 प्रतिशत है।

भाषा निहारिका अजय

अजय