सिग्नेचर ग्लोबल और आरएमजेड में वाणिज्यिक परियोजना के लिए संयुक्त उद्यम करार
सिग्नेचर ग्लोबल और आरएमजेड में वाणिज्यिक परियोजना के लिए संयुक्त उद्यम करार
नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल लिमिटेड और आरएमजेड समूह ने गुरुग्राम में एक व्यावसायिक परियोजना विकसित करने के लिए समान भागीदारी वाला संयुक्त उद्यम समझौता किया है। इसके तहत आरएमजेड समूह ने 50 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए 1,293 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
इस वर्ष फरवरी में सिग्नेचर ग्लोबल ने आरएमजेड समूह के साथ मिलकर लगभग 7,500 करोड़ रुपये के कुल निवेश से 18 एकड़ में फैली एक व्यावसायिक परियोजना विकसित करने की घोषणा की थी।
इस परियोजना में कुल 55 लाख वर्ग फुट पट्टे पर देने योग्य क्षेत्र होगा। इसमें से लगभग 35 लाख वर्ग फुट क्षेत्र प्रमुख कार्यालयों के लिए और शेष हिस्सा खुदरा दुकानों व दो होटल के लिए होगा। इन होटल में लगभग 500-500 कमरे होंगे।
सिग्नेचर ग्लोबल ने मंगलवार को बयान में कहा, ‘‘उसने आरएमजेड समूह से 1,293 करोड़ रुपये का निवेश सफलतापूर्वक प्राप्त कर लिया है।’’
अब आरएमजेड समूह की गुरुग्राम कमर्सिटी लिमिटेड (जीसीएल) में 50 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी होगी। इससे पहले जीसीएल पूरी तरह से सिग्नेचर ग्लोबल के स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी थी।
इस सौदे के पूरा होने के बाद सिग्नेचर ग्लोबल और आरएमजेड ने गुरुग्राम में ‘सदर्न पेरिफेरल रोड’ (एसपीआर) पर एक बड़े स्तर की ‘मिश्रित-उपयोग’ वाली व्यावसायिक परियोजना विकसित करने के लिए 50:50 का संयुक्त उद्यम बनाया है।
भाषा
सुमित अजय
अजय

Facebook


