सिग्नेचर ग्लोबल ने गुरुग्राम परियोजना के लिए 920 करोड़ रुपये के निर्माण ठेके दिए
सिग्नेचर ग्लोबल ने गुरुग्राम परियोजना के लिए 920 करोड़ रुपये के निर्माण ठेके दिए
नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल ने गुरुग्राम में अपनी लक्जरी आवासीय परियोजना के निर्माण के लिए केईसी इंटरनेशनल और एनसीसी लिमिटेड को कुल 920 करोड़ रुपये के ठेके दिए हैं।
कंपनी ने रविवार को बयान में कहा कि वह गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित सेक्टर-37डी में 13.55 एकड़ क्षेत्र में ‘सर्वम एट डीएक्सपी एस्टेट’ नाम से आवासीय परियोजना विकसित कर रही है।
बयान के अनुसार, केईसी इंटरनेशनल लिमिटेड और एनसीसी लिमिटेड को 460-460 करोड़ रुपये के ठेके दिए गए हैं।
केईसी इंटरनेशनल छह आवासीय टावर का निर्माण करेगी, जबकि एनसीसी लिमिटेड पांच आवासीय टावर बनाएगी।
इन 11 टावर में कुल 1,798 आवासीय इकाइयां होंगी और इनका कुल विकसित क्षेत्र 50 लाख वर्ग फुट होगा।
परियोजना का निर्माण कार्य वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है।
सिग्नेचर ग्लोबल के संस्थापक एवं चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि केईसी इंटरनेशनल और एनसीसी जैसी अनुभवी एवं प्रतिष्ठित निर्माण कंपनियों के साथ साझेदारी से कंपनी उच्च गुणवत्ता, बेहतर निष्पादन और टिकाऊ विकास मानकों वाली परियोजना की मजबूत नींव रख रही है।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


