नयी दिल्ली, 15 मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को चांदी का भाव 21,600 रुपये टूटकर 2.75 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गया जबकि सोने की कीमत 3,200 रुपये टूटकर 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। मजबूत डॉलर और निवेशकों की भारी मुनाफावसूली से यह गिरावट आई।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने कहा कि 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 3,200 रुपये यानी 1.93 प्रतिशत टूटकर 1,62,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर मिलाकर) रह गया। बृहस्पतिवार को बाजार बंद होने के समय इसकी कीमत 1,66,000 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
चांदी की कीमतें भी 21,600 रुपये यानी 7.3 प्रतिशत टूटकर 2,75,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर समेत) रह गईं। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी की कीमत 2,96,600 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘शुक्रवार को कीमती धातुओं पर भारी बिकवाली का दबाव रहा। महंगाई को लेकर लगातार बढ़ती चिंताओें ने सख्त मौद्रिक नीति की जरूरत को और मजबूत किया है।’’
उन्होंने कहा कि इस नजरिए ने निवेशकों को डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल की ओर धकेला, जिससे सोने का आकर्षण कम हो गया।
इस तेज गिरावट से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी कमजोरी दिखी। हाजिर सोना 104 डॉलर यानी 2.24 प्रतिशत टूटकर 4,548.46 डॉलर प्रति औंस रह गया जबकि चांदी 5.26 डॉलर यानी 6.31 प्रतिशत टूटकर 78.21 डॉलर प्रति औंस रह गई।
एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक (जिंस एवं मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘सोने की कीमतों पर दबाव दिखा, क्योंकि कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और डॉलर सूचकांक के मजबूत होने के कारण सोने में तेज गिरावट आई। इससे सर्राफा बाजार की कारोबारी धारणा कमजोर हुई।’’
उन्होंने कहा कि कीमती धातुओं की कीमतों में पिछले कुछ सत्रों के दौरान देखी गई तेज बढ़त और ऊंचे स्तरों के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली भी की।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम