चांदी 4,300 रुपये चढ़ी, सोना 800 रुपये मजबूत

Ads

चांदी 4,300 रुपये चढ़ी, सोना 800 रुपये मजबूत

  •  
  • Publish Date - April 20, 2026 / 07:28 PM IST,
    Updated On - April 20, 2026 / 07:28 PM IST

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) खुदरा कारोबारियों और स्टॉकिस्ट की तरफ से ताजा खरीदारी आने से राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को चांदी 4,300 रुपये चढ़कर 2.57 लाख रुपये प्रति किलो हो गई जबकि सोना 800 रुपये की तेजी के साथ 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, चांदी 4,300 रुपये उछलकर 2,57,300 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर पहुंच गई, जो शुक्रवार को 2,53,000 रुपये प्रति किलोग्राम थी।

वहीं, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 800 रुपये बढ़कर 1,57,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) हो गया। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,56,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

हालांकि, वैश्विक बाजार में रुख नरम रहा। हाजिर चांदी 1.35 प्रतिशत गिरकर 79.71 डॉलर प्रति औंस रह गई, जबकि सोना 0.52 प्रतिशत गिरकर 4,805.09 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘सप्ताह की शुरुआत में सोना कमजोर रुख के साथ खुला, जो सप्ताहांत में भू-राजनीतिक और व्यापक आर्थिक परिस्थितियों में बदलाव को दर्शाता है।’’

उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास स्थिति तेजी से बिगड़ी है। जहां ईरान ने इसे दोबारा खोलने के 24 घंटे के भीतर सख्त नियंत्रण लागू कर दिया, वहीं अमेरिका ने प्रतिबंधों को दरकिनार करने की कोशिश कर रहे एक ईरानी मालवाहक पोत को जब्त कर लिया।

इस घटनाक्रम से युद्धविराम की स्थिरता और अमेरिका-ईरान शांति वार्ता को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। इससे ऊर्जा कीमतों और मुद्रास्फीति को लेकर चिंता बढ़ी है, डॉलर मजबूत हुआ है और कीमती धातुओं पर दबाव पड़ा है।

इस बीच, निवेशकों की नजर इस सप्ताह वैश्विक व्यापक आर्थिक आंकड़ों पर टिकी रहने का अनुमान है।

कोटक सिक्योरिटीज की प्रमुख (जिंस शोध) कायनात चैनवाला ने कहा कि अमेरिकी खुदरा बिक्री, आवास बिक्री, साप्ताहिक बेरोजगारी दावे और उपभोक्ता विश्वास जैसे आंकड़ों पर निवेशकों की नजर रहेगी।

इसके अलावा प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के पीएमआई आंकड़ों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नामित प्रमुख केविन वॉर्श की अमेरिकी संसद में गवाही पर भी बाजार की नजर रहेगी।

चैनवाला ने कहा कि अमेरिका-ईरान तनाव में किसी भी तरह की बढ़ोतरी से सोने-चांदी की कीमतों पर और दबाव पड़ सकता है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय